ट्रैफिक ASI पर नशे में धुत ट्रक ड्राइवर का जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार……

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) स्वतंत्रता दिवस के दिन दुर्ग जिले के कुम्हारी में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक एएसआई सुशील पांडेय पर नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे और पुलिस रूट क्लियर कराने में जुटी थी। ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसे हटाने के लिए एएसआई मौके पर पहुंचे। इसी दौरान ट्रक ड्राइवर ने अचानक भड़ककर उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई को तुरंत एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर 8 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 353 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
