बिलासपुर; कामख्या एक्सप्रेस में सफर के दौरान असम के युवक की मौत, बिलासपुर में उतारा गया शव!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) महाराष्ट्र से अपने घर असम लौट रहे एक युवक की ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना कामख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर के दौरान हुई। मृतक की पहचान असम निवासी रॉबर्ट संगमा के रूप में हुई है, जो अपने परिचितों के साथ महाराष्ट्र में कैटरिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार, काम खत्म होने के बाद रॉबर्ट और उसके साथी घर लौटने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास वेटिंग टिकट थी, और कंफर्म बर्थ न मिलने पर किसी तरह जगह बनाकर बैठे थे। ट्रेन जब दुर्ग स्टेशन पहुंची, तभी रॉबर्ट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इससे पहले कि उसके साथी कुछ समझ पाते, उसने दम तोड़ दिया। साथियों ने तुरंत रेलवे इंक्वायरी नंबर 139 पर घटना की जानकारी दी। बिलासपुर स्टेशन पहुंचने पर शव को ट्रेन से उतारा गया और जीआरपी को सूचित किया गया। जीआरपी ने मर्ग कायम कर पंचनामा किया। परिजनों की गैरमौजूदगी में उसके परिचितों ने बिलासपुर में ही अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
