बिलासपुर; चावल दलाल और सूदखोर का आतंक, सोशल मीडिया पर हथियारों की डीपी-स्टेटस डालकर दे रहा धमकी!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर निवासी सोनू ठाकुर नामक व्यक्ति, जो चावल दलाली और सूदखोरी में लिप्त बताया जा रहा है, खुलेआम सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है। आरोप है कि सोनू ने अपने व्हाट्सएप डीपी और स्टेटस पर पिस्टल और बंदूक की तस्वीरें लगाकर लोगों को डराने और धमकाने की कोशिश की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी शहर के कई शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों से मिलीभगत कर गरीबों के लिए आने वाले सरकारी चावल की बड़े पैमाने पर हेराफेरी करता है। यही नहीं, वह ब्याज पर पैसे देने के धंधे में भी सक्रिय है और वसूली में दबदबा बनाए रखने के लिए हथियारों की तस्वीरें पोस्ट करता है। क्षेत्र के विभागीय निरीक्षक पर भी इस अवैध कारोबार में आंख मूंदने के आरोप लग रहे हैं। करीब पांच साल पहले भी सोनू ठाकुर पर चावल की हेराफेरी के मामले में कार्रवाई हुई थी। उस समय वार्ड क्रमांक 21 गुरु घासीदास नगर की जनता ने उसे रंगे हाथ पकड़कर सिविल लाइन पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद जरहाभाठा मिनिबस्ती स्थित एक शासकीय उचित मूल्य दुकान पर भी छापेमारी हुई थी। अब एक बार फिर उसकी करतूत को लेकर शहर के एक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को धमकी भरे व्हाट्सएप डीपी और स्टेटस के स्क्रीनशॉट भी सबूत के तौर पर सौंपे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर हथियारों के खुले प्रदर्शन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

