महतारी वंदन योजना में फिर जुड़ेंगे नए नाम, 15 अगस्त से होगी शुरुआत….

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए खुशखबरी है। 15 अगस्त से योजना के नए आवेदनों की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसकी शुरुआत बस्तर से की जाएगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। जानकारी के मुताबिक, बस्तर संभाग में नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की छुटी हुई महिलाएं इसका लाभ ले सकेंगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 से 31 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 1 से 15 सितंबर तक सेक्टर से लेकर जिला स्तर तक आवेदनों का सत्यापन होगा। 16 से 25 सितंबर के बीच सत्यापित आवेदनों को वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पी.एस. एल्मा ने बताया कि यह प्रक्रिया 23 जुलाई को सीएम द्वारा ली गई विभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शुरू की जा रही है। वहीं, विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पूरे प्रदेश में 15 अगस्त से आवेदन लेने और ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
