बिलासपुर; सरकारी वाहन की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत, पति और दो बच्चे घायल…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में राखी के दिन हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कोनी थाना क्षेत्र के तुर्काडीह के पास 9 अगस्त को हुई इस घटना में 5 माह की गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन और चालक दोनों फरार हो गए थे, लेकिन चार दिन बाद ग्रामीणों ने वाहन को ढूंढकर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका की पहचान भरनी के देवरी गांव निवासी हेमलता सूर्यवंशी के रूप में हुई है। वह अपने पति सुमित सूर्यवंशी, 7 साल की बेटी मिंटी और 10 साल के बेटे रिशु के साथ राखी मनाने सेमरताल जा रही थी, जहां वह अपने भाइयों को राखी बांधने वाली थी। लेकिन रास्ते में तुर्काडीह के पास पीछे से तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस वाहन से टक्कर हुई वह नीली बत्ती लगी सरकारी गाड़ी थी, जिस पर “एसडीएम” लिखा हुआ था। आरोप है कि यह पेंड्रा एसडीएम ऋचा चंद्राकर का सरकारी वाहन है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इसकी पुष्टि होगी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने खुद वाहन की तलाश शुरू की और मंगलवार को उसे खोजकर कोनी थाने में सौंप दिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में घायल बेटा रिशु अब भी सिम्स अस्पताल में भर्ती है, जबकि बेटी को छुट्टी दे दी गई है। पति का इलाज जारी है। इस घटना से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और वे दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
