उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी स्पष्ट हिदायत, योजनाओं में पारदर्शिता और तेजी लाकर दिखाएं ठोस परिणाम, नगरीय प्रशासन विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक में 25 से अधिक योजनाओं पर की गई गहन समीक्षा……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री श्री अरुण साव ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति तथा पारदर्शिता लाने की जरूरत बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे परिणाममूलक कार्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित एक मैराथन समीक्षा बैठक में विभाग की 25 से अधिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बीते डेढ़ सालों में नगरीय प्रशासन विभाग ने कई नवाचार किए हैं, जिससे शहरी सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब जरूरत है योजनाओं को और अधिक रफ्तार देने की, ताकि आमजन तक उनके लाभ शीघ्र पहुंचे। उन्होंने SUDA द्वारा संचालित ई-गवर्नेंस और मोर संगवारी योजना की समीक्षा करते हुए इनकी प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। निदान-1100 योजना के विस्तार और इसके नए आरएफपी को जल्द अंतिम रूप देने को कहा गया। वहीं अमृत मिशन के तहत बस्तर और सरायपाली के लिए तैयार किए गए डीपीआर का प्राथमिकता से परीक्षण और स्वीकृति देने के निर्देश भी दिए गए।

श्री साव ने स्थानीय निकायों के वर्गीकरण और सेटअप सुधार से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए इंजीनियरों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के लिए वित्त विभाग से अनुमति लेकर तेजी से कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित योजनाओं पर भी शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा, ताकि तय समय-सीमा में लक्ष्य पूरे किए जा सकें। इसके साथ ही सभी नगरीय निकायों को दक्ष और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। पारंपरिक लाइट्स को एलईडी में बदले जाने के कार्य की प्रगति की चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने ईईएसएल के साथ हुए अनुबंध के तहत चल रहे कार्य को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के आयुक्तों और सीएमओ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन विद्युत संधारण कार्यों की निगरानी करें। बैठक में भिलाई क्लस्टर के लिए प्रस्तावित इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना को शीघ्र अमल में लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक श्री आर. एक्का, उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु वर्मा, सुडा के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

