बिलासपुर; सोनम रघुवंशी हत्याकांड जैसा कांड बिलासपुर में भी..10 दिन की दुल्हन ने सरेराह करवाया पति पर हमला, फिर बाइक पर हुई फरार..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) इंदौर की सोनम रघुवंशी द्वारा मेघालय में पति राजा रघुवंशी की हत्या की गूंज अभी थमी नहीं थी कि अब छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नई नवेली दुल्हन ने अपने ही पति को सरेराह पिटवाया और फिर हमलावर युवक के साथ फरार हो गई। यह घटना मस्तूरी क्षेत्र के आंकडीह गांव के रहने वाले युवक अंकित महिलांगे के साथ हुई, जिसकी शादी महज 10 दिन पहले ही हुई थी। शादी के बाद जब पहली बार पत्नी को विदा कराकर अपने गांव ला रहा था, उसी दौरान तोरवा क्षेत्र के वैभव पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी को रोका और अंकित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान अंकित की पत्नी न सिर्फ मूकदर्शक बनी रही, बल्कि किसी तरह की मदद करने के बजाय हमलावरों के प्रति सहयोगी जैसा रवैया अपनाया। हैरानी तब हुई जब हमला खत्म होते ही वह उन्हीं युवकों के साथ बाइक में बैठकर चली गई। इस घटना से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा था। जिस तरह से युवती हमलावरों के साथ सहज होकर चली गई, उससे यह शक और गहराता जा रहा है कि युवती पहले से ही उनके संपर्क में थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू……..
इस सनसनीखेज घटना के बाद पीड़ित अंकित ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित युवक का कहना है कि यह हमला कोई मामूली झगड़ा नहीं, बल्कि एक बड़ा धोखा और प्लानिंग के तहत रचा गया षड्यंत्र है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलती-जुलती कहानी……..
इस मामले की तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है, जहां पत्नी ने हनीमून ट्रिप पर ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी थी। बिलासपुर की यह घटना भी ठीक वैसी ही कहानी बयां कर रही है, जहां शादी तो हुई पर सच्चाई कुछ और ही थी। इस पूरे घटनाक्रम से कई सवाल उठ खड़े हुए हैं…क्या यह युवती शादी से पहले से ही इन लड़कों के संपर्क में थी? क्या उसने शादी सिर्फ एक सामाजिक ढोंग के लिए की थी? और क्या यह हमला सिर्फ प्रेम-प्रसंग का नतीजा था या फिर एक सोची-समझी साजिश? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अंकित का विश्वास, उसका वैवाहिक जीवन सब कुछ एक ही झटके में टूट गया है।
