बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; फर्जी क्राइम रिपोर्टर बनकर कर रहे थे उगाही..तीन आरोपी गिरफ्तार, पढ़िए पूरी खबर!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) फर्जी क्राइम रिपोर्टर बनकर ईंट भट्टा संचालकों व ट्रैक्टर चालकों से अवैध उगाही करने वाले तीन आरोपियों को बिल्हा पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों के पास से नकदी सहित ‘क्राइम रिपोर्टर’ लिखी कार और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शैलेन्द्र प्रजापति, निवासी बिल्हा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 जून 2025 को दोपहर में एक कार (CG 04 QY 6382) से दो पुरुष व एक महिला उनके ईंट भट्ठे पर पहुंचे। कार के आगे “क्राइम रिपोर्टर” की प्लेट लगी थी। आरोपियों ने भट्ठा संचालन के लिए NOC मांगी और दस्तावेज न होने पर 27000 रुपये की मांग की। नहीं देने पर खबर में “अवैध भट्ठा संचालक” के रूप में नाम छापने की धमकी दी गई। भयभीत होकर शिकायतकर्ता ने 1500 रुपये नकद दे दिए। बाद में पहचान के व्यक्ति से बात कराई गई तो आरोपी डरकर मौके से भाग निकले। शाम होते-होते पता चला कि ये लोग मंगला गांव के अन्य ईंट भट्टा संचालकों व ट्रैक्टर चालकों से भी इसी तरह उगाही कर चुके हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी मंगला गांव के पास ईंट भट्ठा क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमते मिले, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के पास से नकद 1500 रुपये नगद, “क्राइम रिपोर्टर” लिखी कार और अन्य फर्जी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी……
01. नारायण सिंह घृतलहरे पिता कुमार घृतलहरे, उम्र 35 वर्ष, निवासी कटई, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा।
02. दीपकुमारी रजक पिता बोधी रजक, उम्र 25 वर्ष, निवासी गोढीखुर, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा।
03. सियाराम घृतलहरे पिता मंगलदास घृतलहरे, उम्र 40 वर्ष, निवासी बदरा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।



















