छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रांति की ओर बड़ा कदम; रायपुर बनेगा AI डेटा हब, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ जल्द ही देश के डिजिटल मानचित्र पर एक नया मुकाम हासिल करने जा रहा है। टेक्नोलॉजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ESDS Software Solution Ltd ने राजधानी रायपुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव राज्य सरकार को सौंपा है। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान कंपनी के चेयरमैन पीयूष सोमानी और उपाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने इस निवेश योजना को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह डेटा सेंटर छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पूरे देश के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में यह परियोजना एक मील का पत्थर साबित होगी। राज्य सरकार इस पहल के लिए हरसंभव सहयोग देगी। यह प्रस्ताव छत्तीसगढ़ को AI, क्लाउड टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल स्टोरेज के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक ठोस पहल मानी जा रही है। साथ ही यह प्रदेश को तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला कदम होगा।
रोज़गार और टेक्नोलॉजी हब की नई संभावनाएँ……
ESDS की इस परियोजना से छत्तीसगढ़ में उच्च स्तरीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह सेंटर राज्य के आईटी इकोसिस्टम को मजबूती देगा और रायपुर को एक उभरता हुआ टेक्नोलॉजी हब बनाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और राज्य की इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने इस परियोजना को राज्य के विकास के लिए एक रणनीतिक निवेश बताया।
