पत्नी के अवैध संबंधों से नाराज़ पति ने रचा खौफनाक हत्याकांड, चार गिरफ्तार..जंगल में बुलाकर की युवक की हत्या, शव और बाइक को लगाई आग!

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) पत्नी के अवैध संबंधों से नाराज़ एक पति ने अपने रिश्तेदार की हत्या कर दी। मामला ओडिशा के सीनापाली थाना क्षेत्र का है, जहां गरियाबंद निवासी एक युवक की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खरपदर उरमाल गांव निवासी विशाल सोनवानी (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आरोपी केशव नागेश ने अपनी पत्नी ममता को पड़ोसी विशाल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इससे गुस्साए केशव ने पहले विशाल की पिटाई की, लेकिन गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में उसने अपनी पत्नी ममता और उसके दो भाइयों ईश्वर सुनानी और सागर सुनानी के साथ मिलकर युवक की हत्या की योजना बनाई। 13 मई को ममता ने विशाल को फोन कर छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर के पास स्थित एक सुनसान जंगल में बुलाया। पहले से साजिश के तहत तय जगह पर मौजूद चारों आरोपियों ने शराब पी, और जैसे ही विशाल वहां पहुंचा, उस पर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद टॉवेल से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। शव और बाइक को पहचान छिपाने के उद्देश्य से आग के हवाले कर दिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू की। मृतक की आखिरी बातचीत ममता नागेश से हुई थी और वारदात के समय उसका और केशव का मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिला। इन सुरागों के आधार पर सीनापाली पुलिस ने देवभोग पुलिस की मदद से केशव नागेश, ममता नागेश और उसके दोनों भाइयों को 10 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान चारों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल, शराब की बोतलें और अन्य सामान भी घटनास्थल से बरामद किया है। सीनापाली थाना प्रभारी रश्मिना प्रधान ने बताया कि विशाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट 16 मई को दर्ज की गई थी और तीन दिन बाद जंगल में उसका अधजला शव बरामद हुआ। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
