कोरबा से कवर्धा जा रही बस पलटी: 25 यात्री घायल, तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग हादसे की वजह…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के कोरबा से कवर्धा जा रही एक यात्री बस रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा पंडरिया थाना क्षेत्र के लोरमी सैगोनाडीह किशुनगढ़ के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार बहुत तेज थी और उसमें ओवरलोडिंग भी थी, जिसके चलते ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब बस क्रमांक CG 10G 1652 रोजाना की तरह कोरबा से कवर्धा के लिए रवाना हुई थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में 20 से 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर की लापरवाही तथा ओवरलोडिंग को प्राथमिक कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।


















