दर्दनाक हादसा; शौच को गई थी पत्नी, पीछे घर में जलकर खाक हो गया बुजुर्ग जीवनसाथी…शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा!..खबर पढ़कर समझिए पूरा मामला……

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाई गांव में शनिवार रात दर्दनाक हादसे में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक शिव प्रसाद खिलाड़ी पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। आग लगने के समय वे घर के अंदर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी शौच के लिए बाहर गई थीं। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद जब टीम ने घर में प्रवेश किया, तो अंदर शिव प्रसाद का पूरी तरह झुलसा हुआ शव मिला। शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। एएसपी तंवर के अनुसार आग धीरे-धीरे फैलते हुए पूरे घर में फैल गई और कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया।शिव प्रसाद अपनी पत्नी के साथ परसाई गांव में रहते थे। उनके दो बेटे हैं, जो भिलाई में अपने-अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। हादसे की जानकारी उन्हें दे दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की है और घर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को ही आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
