छत पर खपरैल ठीक कर रहा था बुजुर्ग, बिजली तार की चपेट में आया; मौके पर मौत..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….


बलौदाबाजार: (प्रांशु क्षत्रिय) बलौदाबाजार जिले के सूरजपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक कौशल वर्मा अपने घर की छत पर खपरैल की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक उनका संपर्क ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से हो गया और वे करंट की चपेट में आ गए। घटना भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र की है। यह हादसा दोपहर के समय हुआ, जब कौशल वर्मा छत पर चढ़कर छप्पर की मरम्मत कर रहे थे। इस दौरान असावधानीवश उनका हाथ बिजली के तार से छू गया और तेज झटका लगते ही वे वहीं गिर पड़े। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लखेश केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की पूरी जानकारी जुटा रही है।

