बिलासपुर; प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि खाते से उड़ा गए ठग, 42,400 रुपए की धोखाधड़ी– बुजुर्ग हितग्राही ने लगाई न्याय की गुहार.. खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले रुपए भी अब ठगों के निशाने पर हैं। कोटा क्षेत्र के ग्राम पोंडी निवासी एक बुजुर्ग हितग्राही के खाते से अज्ञात ठगों ने 42400 रुपए उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोटा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार 64 वर्षीय नंदूराम सतनामी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कोटा शाखा स्थित खाते में 18 सितंबर 2024 को प्रधानमंत्री आवास योजना की 40000 रुपए की राशि जमा हुई थी। लेकिन 13 से 18 अक्टूबर के बीच उनके खाते से कुल पांच बार में 9900, 9900, 10000, 10000 और 2600 रुपए की अवैध निकासी कर ली गई। नंदूराम का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को अपना आधार नंबर दिया और न ही कहीं अंगूठा लगाया। 19 अक्टूबर को पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई। जब उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधक से शिकायत की, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। थक-हार कर उन्होंने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज, जांच जारी…..
कोटा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने प्रार्थी, ग्राम कोटवार और बैंक प्रबंधक के बयान लिए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि निकासी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई है। पीड़ित नंदूराम ने जिला पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई और खाते से निकाले गए रुपए वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
