बिलासपुर के तीन मासूम लापता..घंटों में पुलिस ने खोज निकाला!..रेलवे स्टेशन से लेकर मोहल्लों तक खोजबीन… तीन बच्चे सुरक्षित मिले, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिविल लाइन पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता तीन नाबालिग बच्चों को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस सतर्कता और तेज कार्रवाई की हर ओर तारीफ हो रही है। मंगलवार 22 अप्रैल को नेहरू नगर श्रीराम हॉस्पिटल के पास अटल आवास में रहने वाले मनु सारथी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके दो नाबालिग बच्चे (उम्र 3 और 7 साल) घर से लापता हैं। इसी दिन तालापारा निवासी मोहम्मद मजीद खान भी थाने पहुंचा और बताया कि उसका 4 वर्षीय बेटा सुबह 9 बजे से घर नहीं लौटा है। थाना प्रभारी सिविल लाइन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम गठित की और नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए बस स्टैंड, धर्मशाला, मंदिरों और अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। तलाश के दौरान उसलापुर रेलवे स्टेशन में दो बच्चे संदिग्ध रूप से नजर आए। परिजनों को फोटो दिखाकर पहचान करवाई गई, जिसमें दोनों की पुष्टि हुई। तीसरे बच्चे को भारतीय नगर क्षेत्र से बरामद किया गया। तीनों बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया। सिविल लाइन पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से तीन परिवारों की दुनिया उजड़ने से बच गई।
