इंस्टाग्राम रील बनाना पड़ा भारी: बाइक हादसे में दो नाबालिगों की मौत, तीसरा दोस्त घायल..हाईवे पर रफ्तार और रील का खतरनाक मेल, खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………


छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार रात सोशल मीडिया की लत ने दो जिंदगियों को लील लिया। इंस्टाग्राम रील बनाते हुए तीन नाबालिग दोस्त पार्टी के लिए निकले थे, लेकिन हाईवे पर उनकी बाइक खड़ी पिकअप से जा भिड़ी। भीषण हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हुआ। यह दर्दनाक हादसा भिलाई-खुर्सीपार के बीच नेशनल हाइवे 53 पर हुआ। हादसे के वक्त तीनों नाबालिग बाइक पर सवार थे और इंस्टाग्राम के लिए वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ा, वह सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकराई और फिर खड़ी पिकअप में जा घुसी। मृतकों की पहचान गौतम नगर निवासी जय बंसोड़ (17) और हर्ष मेश्राम (16) के रूप में हुई है। जबकि घायल आदित्य चौहान (16) जो सुपेला खटाल बस्ती का रहने वाला है, उसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने हादसे को सबक बताते हुए कहा कि सड़क पर स्टंट या वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है। सोशल मीडिया ट्रेंड्स की अंधी दौड़ में जान गवां देना किसी भी सूरत में जायज़ नहीं। यह हादसा एक चेतावनी है– सोशल मीडिया के चक्कर में जिंदगी से खिलवाड़ न करें, सड़क पर सुरक्षा सबसे पहले।


