बिलासपुर; मोपका चौक में गरजा बुलडोजर! अवैध दुकानों पर निगम की बड़ी कार्रवाई..लोग बोले- अतिक्रमण हटाओ, रास्ता साफ बनाओ! खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के मिशन पर नगर निगम ताबड़तोड़ एक्शन में है। शुक्रवार को मोपका चौक में शासकीय भूमि पर बनी अवैध दुकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने मौके पर पहुंचते ही बिना देर किए दुकानें जमींदोज कर दीं। सूत्रों के मुताबिक मोपका चौक में कुछ लोगों ने लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानें तान रखी थीं। इससे न केवल सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्जा हो रहा था, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नगर निगम की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। अधिकारी साफ बोल रहे हैं—अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा! शहर के कई और हिस्सों में भी ऐसे अवैध निर्माण चिन्हित किए जा चुके हैं और जल्द ही वहां भी बुलडोजर गरजने वाला है। इस अभियान को लेकर शहर में दो तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक ओर आम लोग इस मुहिम की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभावित लोग पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। फिलहाल निगम की टीम लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही है और जहां-जहां शिकायतें मिल रही हैं, वहां एक्शन में देरी नहीं हो रही।
