रतनपुर अस्पताल में शुरू हुआ सर्वसुविधायुक्त ऑपरेशन थियेटर; पहला सिजेरियन प्रसव सफल..कलेक्टर ने दी स्वास्थ्य विभाग को बधाई, अब स्थानीय महिलाओं को मिलेगी राहत, पढ़िए पूरी खबर…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रतनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अब महिलाओं को सिजेरियन प्रसव और नसबंदी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। शुक्रवार को यहां पहली बार सफल सिजेरियन डिलीवरी कर क्षेत्र के लिए नई स्वास्थ्य सुविधा का आगाज किया गया। अब तक यहां सात महिलाओं की नसबंदी भी हो चुकी है। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के तहत रतनपुर सीएचसी को अपग्रेड किया गया है। अस्पताल में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर (ओटी) की स्थापना की गई, जिससे गर्भवती महिलाओं और परिवार नियोजन से जुड़ी सेवाओं में राहत मिलेगी। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर सीएमएचओ द्वारा अस्पताल को ओटी संबंधी सभी जरूरी उपकरण और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। डीएमएफ मद से ऑपरेशन थियेटर में आवश्यक सुधार कार्य किए गए, जिसके बाद तय मापदंडों के अनुरूप ऑपरेशन की अनुमति दी गई। रतनपुर सीएचसी में डॉ. शीला शाहा, डॉ. नेहुल झा, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. निधि कोर्राम, प्रभारी डॉ. विजय चंदेल, स्टाफ नर्स ममता साहू, योगेश्वरी रजक, आरती धीवर समेत अन्य मेडिकल स्टाफ की टीम ने मिलकर पहला सफल सी-सेक्शन प्रसव कराया।
अब स्थानीय महिलाओं को मिलेगी राहत…….
रतनपुर क्षेत्र की महिलाओं को अब सिजेरियन डिलीवरी और नसबंदी के लिए बिलासपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद यह पहला मौका है जब यहां सिजेरियन ऑपरेशन की शुरुआत हुई है। यह स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
