बिलासपुर; फुटबॉल स्टार ने ठगी का खेल रचा! छह बेरोजगारों से 55.80 लाख रुपये का झांसा, गिरफ्तार…खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के नामी फुटबॉल खिलाड़ी जावेद खान का असली खेल अब ठगी के मैदान में उजागर हो गया है। पुलिस ने जावेद खान को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह बेरोजगार युवाओं से कुल 55 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार तखतपुर निवासी दीपक राजपूत, जो पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में था उसने रेलवे कॉलोनी निवासी जावेद खान से संपर्क किया। जावेद ने खुद को मंत्रालय में ऊंची पहुंच वाला बताते हुए दीपक और उसके कुछ अन्य बेरोजगार परिचितों—सूरज, अवनीश, जगमीत और प्रताप को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। नौकरी के लालच में आकर दीपक ने उसे 6 लाख रुपये दे दिए। इसी तरह अन्य युवाओं से भी लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली, तो ठगे गए युवकों ने अपना पैसा वापस मांगने की कोशिश की, पर जावेद खान ने अपना मोबाइल बंद कर फरार हो जाने का प्रयास किया। अंततः युवाओं ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने तेज जांच के बाद आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में ध्यान देने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी जावेद खान सिर्फ एक ठग नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के नामी फुटबॉल खिलाड़ी भी है। उसने छत्तीसगढ़ की ओर से पांच बार संतोष ट्रॉफी खेलकर अपनी पहचान बनाई है और फुटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहीद वीर पंकज सिंह अवार्ड तथा 25 हजार रुपये का इनाम भी प्राप्त किया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जावेद खान ने और भी बेरोजगार युवाओं को नौकरी के नाम पर झांसे में लिया है। गिरफ्तारी के बाद संभावना जताई जा रही है कि और भी ठगी के मामले सामने आ सकते हैं और विभिन्न थानों में उसके खिलाफ नए मामले दर्ज किए जा सकते हैं।

