बिलासपुर में प्रशासन सख्त: ठेकेदार हो जाएं सावधान! अब लापरवाही नहीं चलेगी..छत टपकी तो इंजीनियर सस्पेंड, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट..कलेक्टर की चेतावनी, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में स्कूल भवनों की मरम्मत को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अवनीश शरण ने मंगलवार को टीएल बैठक में ‘स्कूल जतन योजना’ की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि मरम्मत के बाद किसी स्कूल की छत से बारिश का पानी टपकता पाया गया, तो संबंधित सब-इंजीनियर को निलंबित कर दिया जाएगा। साथ ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि तालाबों से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया है और आगामी 15 दिनों में ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के आधार पर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। इसके अलावा ‘ग्राम स्वराज’ की तर्ज पर एक विशेष अभियान भी जल्द शुरू किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने पटवारी, पंचायत सचिव, आरएईओ और लाइनमैन को मुख्यालय में रहकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जानकारी दी कि 7 अप्रैल से ‘राजस्व पखवाड़े’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न राजस्व से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। वहीं पेयजल समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायतों को 15वें वित्त आयोग की राशि या अन्य मूलभूत संसाधनों का उपयोग करने की अनुमति दी गई है। मस्तुरी क्षेत्र में राशन वितरण को लेकर आ रही शिकायतों के मद्देनजर कलेक्टर ने एसडीएम को आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


