अनोखी मांग! शराब दुकान खोलो साहब, सैकड़ों ने किया हस्ताक्षर, अध्यक्ष बोले- ऐसा विकास नहीं चाहिए!..राजनीतिक रंग ले सकता है मामला, क्या झुकेंगे अध्यक्ष या अडिग रहेंगे? खबर पढ़कर समझिए पूरा मामला………


छ्त्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) आमतौर पर शराब दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन होते हैं, लेकिन गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में मामला उलट है! यहां सैकड़ों लोगों ने शराब दुकान खोलने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया और नगर पंचायत अध्यक्ष को आवेदन सौंपा। नगरवासियों का कहना है कि शराब बंद करने से कुछ नहीं बदलता। आसपास के गांवों में शराब दुकानें पहले से हैं, जहां कोपरा के लोग शराब लेने जाते ही हैं। ऐसे में कोपरा नगर में ही दुकान खुल जाए, तो लोगों को सुविधा मिलेगी और नगर का राजस्व भी बढ़ेगा। हाल ही में नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद आबकारी विभाग ने शराब दुकान के लिए एनओसी मांगी थी, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष ने इससे साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है, “मैं ऐसा विकास नहीं चाहता, जिससे सामाजिक बुराइयां बढ़ें।” अध्यक्ष के विरोध के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप भी ले सकता है। जहां एक ओर जनता शराब दुकान खोलने की मांग कर रही है, वहीं कुछ सामाजिक संगठन इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत अध्यक्ष जनता की इस अनोखी मांग के आगे झुकते हैं या अपने फैसले पर अडिग रहते हैं। आबकारी विभाग भी जल्द इस पर अंतिम निर्णय ले सकता है।


