मोपका में प्रार्थना सभा पर बवाल, धर्मांतरण के आरोप में सात गिरफ्तार..खबर पढ़कर समझिए क्या हैं पूरा मामला…….


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के मोपका इलाके में रविवार को प्रार्थना सभा के दौरान जबरदस्त हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सभा पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और स्थिति संभालनी पड़ी। मोपका के कुटीपारा इलाके में कुछ घरों में यह प्रार्थना सभा चल रही थी। जैसे ही इसकी खबर हिंदू संगठनों को लगी, वे मौके पर पहुंचे और मतांतरण का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को दखल देना पड़ा और सभा में शामिल सात लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार लोगों में मनोज कुमार सैम्युअल, उनकी पत्नी अंजू सैम्युअल, यारूशा किशोर, राजकुमार साहू, पास्टर व्यास कुमार कुर्रे, जसपाल अहिरवार और राहुल पटेल उर्फ रामप्यारे शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सच में मतांतरण की कोशिश हो रही थी या फिर मामला कुछ और है।

