मनियारी नदी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई; 10 ट्रैक्टर और 1 हाईवा जब्त..रेत माफियाओं पर कसा शिकंजा! खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………


मुंगेली:(प्रांशु क्षत्रिय) प्रशासन ने मनियारी नदी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 ट्रैक्टर और 1 हाईवा जब्त कर लिया। कलेक्टर के निर्देश पर तहसील सरगांव के ग्राम सल्फा में तहसीलदार अतुल वैष्णव और नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय की अगुवाई में राजस्व, पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान घाट पर रेत उत्खनन, भंडारण और अवैध परिवहन हो रहा था। जब गाड़ियों की जांच की गई, तो किसी के पास भी रेत उत्खनन या परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिले। तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी गाड़ियों को जब्त कर थाना प्रभारी सरगांव की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। प्रशासन ने अवैध रेत माफियाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

