बिलासपुर; सरपंच की मौत के बाद मुआवजे पर संग्राम! दो महिलाओं ने खुद को बताया पत्नी, फर्जीवाड़े की गूंज कोर्ट तक पहुंची..फर्जी आधार कार्ड बनाकर रची साजिश? कोर्ट में होगा बड़ा खुलासा, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) उमरिया पंचायत के सरपंच मोहन मरावी की सड़क हादसे में मौत के बाद उनकी पत्नी को मिलने वाली मुआवजा राशि पर गजब का विवाद खड़ा हो गया। मामला तब तूल पकड़ गया जब गांव की ही एक दूसरी महिला शिवरात्रि राजपूत ने खुद को भी मोहन मरावी की पत्नी बताते हुए मुआवजे पर हक जता दिया! सरपंच की असली पत्नी रामकुमारी मरावी इस दावे से सन्न रह गईं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और शिवरात्रि राजपूत पर फर्जी दस्तावेज बनवाकर मुआवजा हड़पने की साजिश का आरोप लगाया। रामकुमारी का कहना है कि शिवरात्रि राजपूत पहले से शादीशुदा हैं और अपने पति सरोज राजपूत व चार बच्चों के साथ रहती हैं। बावजूद इसके फर्जी आधार कार्ड बनवाकर खुद को मोहन मरावी की पत्नी दिखाने की कोशिश कर रही हैं। रामकुमारी ने अपने दावे को साबित करने के लिए 14 दस्तावेज अदालत में पेश किए, जिसमें मोहन मरावी के साथ उनकी शादी और वैवाहिक जीवन के प्रमाण शामिल हैं। वहीं रामकुमारी के वकील का कहना है कि शिवरात्रि राजपूत ने झूठे दस्तावेज बनवाकर मुआवजे की रकम हड़पने की चाल चली है, जिसे कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। अब सवाल ये उठता है कि क्या यह मुआवजे के लिए रची गई साजिश है या सच में कोई गहरा राज छुपा है? पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही फर्जी दावे की असलियत सामने आएगी।

