बिलासपुर में धर्मांतरण केंद्र का भंडाफोड़, हिंदू संगठनों की छापेमारी में बड़ा खुलासा..मस्तूरी में चंगाई सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन का खेल, पुलिस ने बरामद की धार्मिक पुस्तकें, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में धर्मांतरण के बढ़ते मामलों पर हिंदू संगठनों ने सख्त रुख अपनाते हुए छापेमारी शुरू कर दी है। गुरुवार को सिविल लाइन क्षेत्र और शुक्रवार को मस्तूरी के एक घर में चल रहे गुप्त धर्मांतरण केंद्र पर हिंदू संगठनों और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, जिन्हें बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए लाया गया था। मस्तूरी क्षेत्र में चल रहे इस कथित चंगाई सभा में ग्रामीणों को यह कहकर बुलाया गया था कि उनकी सभी बीमारियां ठीक कर दी जाएंगी। जब हिंदू संगठनों और पुलिस ने वहां दबिश दी, तो अचानक भगदड़ मच गई। कई ग्रामीण डर के मारे भागने लगे, जबकि कुछ ने यह स्वीकार किया कि वे इलाज के लिए वहां आए थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में धार्मिक पुस्तकें और धर्म परिवर्तन कराने वालों की सूची बरामद की। इसके बाद इन दस्तावेजों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

धर्मांतरण कराने वालों से पुलिस कर रही पूछताछ………
हिंदू संगठनों की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क तो नहीं है। हिंदू संगठनों ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी कीमत पर धर्मांतरण नहीं होने देंगे और इस तरह के किसी भी गुप्त अभियान को रोकने के लिए लगातार निगरानी करेंगे। अब सवाल यह है कि क्या पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा? हिंदू संगठनों का कहना है कि अगर जल्द ही दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है।

