केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के प्रयास से भक्त माता कर्मा के नाम पर डाक टिकट जारी, 1 लाख टिकट वितरित करेंगे, पढ़िए पूरी खबर.…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) भारत सरकार ने तैलिक समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए भक्त माता कर्मा के नाम पर डाक टिकट जारी किया है। केंद्रीय शहरी और आवासन राज्यमंत्री तोखन साहू ने इस पहल का श्रेय लिया और घोषणा की कि वे एक लाख डाक टिकट वितरित करेंगे। इसके साथ ही भारत सरकार द्वारा भी दो लाख डाक टिकटों का वितरण किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने 22 दिसंबर को भोपाल में अखिल भारतीय तैलिक साहू संघ के कार्यक्रम में भाग लिया, जहां देशभर से आए साहू समाज के पदाधिकारियों ने इस मांग को उठाया। तोखन साहू ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 दिनों के भीतर यह काम पूरा करने का आश्वासन दिया और इस मांग को मंजूरी दिलवाकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया। इस पहल को लेकर तोखन साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह डाक टिकट सिर्फ तैलिक समाज के लिए नहीं, बल्कि भक्त माता कर्मा के करोड़ों अनुयायियों के लिए एक सम्मान है। यह कदम समाज की लंबे समय से चली आ रही इच्छा का प्रतीक बन गया है और इसे लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने भी निरंतर प्रयास किए थे। अब, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में यह लक्ष्य सफल हुआ है, जो तैलिक समाज के लिए एक गौरवमयी पल है।
