सीपत! क्षेत्र के इस ग्राम को स्वतंत्र पंचायत बनाने की उठी मांग..जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी 150 लोगों की समस्याएं, पढ़िए पूरी खबर……


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कलेक्टर अवनीश शरण ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आए लगभग 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में निजी और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और निराकरण योग्य समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। कुछ मामलों में उन्होंने आवेदनों की तस्वीर लेकर संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप के माध्यम से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सीपत क्षेत्र के ग्राम निपनिया के ग्रामीणों ने इसे ग्राम पंचायत उच्चभट्ठी से अलग कर स्वतंत्र पंचायत बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि गांव की जनसंख्या 1500 है। कलेक्टर ने इस आवेदन को जिला पंचायत सीईओ को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चकरभाठा निवासी अजय पाल ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जमाबंदी में जाति सुधार का आवेदन दिया।

इस मामले को कलेक्टर ने बिलासपुर एसडीएम को सौंपा। ग्राम खोंधरा के आदिवासियों ने शिकायत की कि धान खरीदी केंद्र सीपत के प्रबंधक अमित कुमार वर्मा ने हमाली की राशि का भुगतान नहीं किया। कलेक्टर ने यह प्रकरण उप पंजीयक सहकारी संस्थान को भेज दिया। ग्राम पंचायत परसापानी के ग्रामीणों ने शिकायत की कि खराब सड़क के कारण आवास निर्माण सामग्री का परिवहन मुश्किल हो गया है। कलेक्टर ने इस आवेदन को जिला पंचायत सीईओ को भेजते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम लालपुर के रामधार यादव ने शिकायत की कि रूपेश यादव ने शासकीय हैंडपंप से निजी पाइप जोड़ रखा है। कलेक्टर ने इस मामले को पीएचई विभाग को सौंपा। नगर पंचायत बोदरी के निवासियों ने अवैध कब्जे के खिलाफ आवेदन दिया। कलेक्टर ने इसे एसडीएम बिल्हा को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


