भाई ने मोबाइल नहीं दी तो बहन ने पी ली कीटनाशक, तखतपुर क्षेत्र की घटना, पुलिस जुटी जांच में, पढ़िए पूरी खबर……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर के ग्राम पंचायत जरौंधा के नवापारा में भाई-बहन के बीच हुए विवाद के बाद 18 वर्षीय बहन ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार राजू बंजारे अपने खेत में कृषि कार्य में व्यस्त था। इस दौरान उसके बेटे और बेटी घर में थे। मोबाइल के उपयोग को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद बेटी सविता ने घर में रखे कीटनाशक को पी लिया। उसकी हालत बिगड़ती देख बेटे ने राजू को सूचित किया। राजू ने तत्काल खेत से घर लौटकर सविता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में सविता का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
