कंडम कार के अंदर थी महिला की लाश: मच गया हड़कंप, कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, पढ़िए पूरी खबर ……


रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के कोतवाली क्षेत्र में एक डंप खड़ी कार के अंदर एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। यह कार लंबे समय से गैरेज के बाहर खड़ी थी। आसपास के लोगों ने कार के भीतर महिला की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। अनुमानित उम्र 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिनसे पता चला कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और अक्सर इलाके में घूमती रहती थी। जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि महिला तेज बारिश से बचने के लिए पुजारी पार्क के पास स्थित भक्कू गैरेज में खड़ी डंप कार के भीतर चली गई थी। वहां कार के भीतर हवा की कमी के कारण उसकी मौत हो सकती है। हालांकि इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस अब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के कारण का सही-सही पता चल सके।

