बिलासपुर: बाथरुम गई युवती से छेड़छाड़, बीच बचाव करने गए दोस्त पर गोद दिए चाकू, अज्ञात युवकों की पुलिस कर रही तलाश, पढ़िए पूरी खबर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़खानी और उसके दोस्त पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई है। इस घटना में आरोपी ने सरकंडा निवासी नानू निषाद के पैर पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद सिविल लाइन पुलिस ने घायल का उपचार कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी नानू निषाद अपनी मित्र को कंपनी गार्डन में घुमाने ले गया था। इसी दौरान गार्डन में युवती वाशरूम की ओर गई, जहां पहले से ही मौजूद नशेड़ी युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने शोर मचाया जिसके बाद नानू मौके पर पहुंचा और युवकों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक ने नानू के पैर में चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद गार्डन में मौजूद लोगों ने हंगामा किया और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। घायल नानू ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है और आरोप लगाया है कि हमलावर युवक महामाया चौक के पास रहने वाला है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


















