भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर सीपत मंडल में कार्यशाला का हुआ आयोजन, कार्यकर्ताओं को मिलेगा CM संग डिनर का अवसर, विडियो देख पढ़िए पूरी खबर…..

सीपत:(प्रांशु क्षत्रिय) भारतीय जनता पार्टी आगामी सितंबर माह से अपने सदस्यता अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सीपत मंडल में इस तैयारी के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को स्थानीय विश्राम गृह परिसर में किया गया, जिसमें मंडल, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा इकाई अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए सदस्यता अभियान कार्यशाला प्रभारी अवधेश अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर 200 नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 2 सितंबर से 15 सितंबर तक बूथों पर सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में 1 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भाजपा पदाधिकारी और सदस्य सदस्यता अभियान चलाएंगे।

जिन कार्यकर्ताओं द्वारा 3000 से अधिक सदस्य बनाए जाएंगे, उन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ डिनर करने का अवसर मिलेगा। पुराने सदस्यों को भी पार्टी की नई सदस्यता लेनी होगी। इसके लिए वे जारी नंबर पर मिस कॉल कर सदस्यता ले सकते हैं। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता द्वारिकेश पांडेय, सीपत मंडल प्रभारी यदुराम साहु और मंडल अध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने विशेष रूप से उन बूथों पर ध्यान देने की अपील की जहां पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी पिछड़ी थी। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने एजेंडे को पूरा किया है और यह जानकारी हर नागरिक को उपलब्ध कराना आवश्यक है। सभी वर्गों के लोगों को सदस्य बनाकर पार्टी की नीतियों से अवगत कराना उनका उद्देश्य है। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रामनाथ तिवारी ने किया, जबकि आभार महामंत्री अभिलेष यादव ने व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा नेता मन्नू सिंह ठाकुर, मदन लाल पाटनवार, रवीश गुप्ता, बलराम पाटनवार, शिव साहु, अशोक सिंह राजपूत, रमन गिरी गोस्वामी, एमन लाल साहु, शिव यादव, उर्विजेश कौशिक, हरिकेश गुप्ता, दीपक शर्मा, तुषार चंद्राकर, राजेश साहु, ललित यादव, दिनेश विजय, मनीष जायसवाल, जयशंकर साहु, कल्याणी साहु, नंदनी साहु, नागेश्वरी साहु सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस से भाजपा प्रवेश किए सीताराम सिदार को सीपत मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा गमछा भेंट कर स्वागत किया गया।
