कुएं की सफाई के दौरान युवक की जहरीली गैस से मौत, पुलिस कर रही जांच….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिस्दा पानी टंकी के पास एक युवक की कुएं की सफाई के दौरान जहरीली गैस के रिसाव से मौत हो गई। मृतक की पहचान केशव प्रसाद पटेल उम्र 22 वर्ष के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, केशव मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर के आंगन में स्थित 40 फीट गहरे कुएं की सफाई के लिए उतरा था। वह कुएं से मरे हुए मेढ़कों को बाहर निकाल रहा था, तभी अचानक वह कुएं के अंदर लापता हो गया। इस घटना के समय घर में केवल उसकी भाभी मौजूद थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम कर रहे थे। भाभी द्वारा देर तक केशव के बाहर न आने पर चिंता जताए जाने के बाद, परिवार के सदस्य घर लौटे और गैस रिसाव की बदबू के कारण पचपेड़ी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। एसडीआरएफ की टीम ने दोपहर 2:30 बजे के आसपास पहुंचकर गैस रिसाव से बचाव किट का उपयोग कर कुएं में कांटेदार रस्सी डालकर केशव की खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद उसकी लाश बरामद की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसे बुधवार को किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह का पता चलेगा।
