BILASPUR: अवैध चखना सेंटर में वसूली को लेकर शराब दुकान के कर्मचारी को पीटा, टूटी बोतले, नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) अवैध चखना सेंटर से वसूली को लेकर हुए विवाद के बाद महिला और उसके साथियों ने शराब दुकान में पत्थरबाजी शुरू कर दी। वहीं शराब दुकान के एक कर्मचारी की जमकर पिटाई की। पत्थरबाजी के दौरान दुकान में रखी शराब की बोतलें भी टूट गई। सरकंडा पुलिस ने नाबालिग समेत 7 आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार चिंगराजपारा शराब भट्टी के पास ही राधिका सूर्यवंशी चखना दुकान व पानी पाउच बेचती है। कुछ दिनों पूर्व आबकारी विभाग ने महिला की दुकान पर कार्रवाई की थी। इस कार्यवाहीं के पीछे का हाथ महिला ने सरकंडा बंगालीपारा निवासी जयदीप शर्मा पिता प्रमोद शर्मा उम्र 32 वर्ष (चिंगाराजपारा शराब दुकान कर्मचारी) को समझ लिया और उससे दुश्मनी रखने लगी। पुलिस के अनुसार रोज की तरह वह शराब दुकान में काम कर रहा था। इसी दौरान रात 7.30 बजे राधिका सूर्यवंशी शराब दुकान के बाहर आई और कर्मचारी को गालियां देने लगी। कर्मचारी इसका विरोध करने के लिए दुकान से बाहर निकला। इस पर चिंगराजपारा क्षेत्र के प्रभात चौक निवासी राधिका सूर्यवंशी पिता स्व. प्रहलाद सूर्यवंशी उम्र 42 वर्ष, उसकी बेटी पिहू सूर्यवंशी उर्फ तानिया उम्र 19 वर्ष, नैना सूर्यवंशी उर्फ जीया उम्र 19 वर्ष, उसका पति हर्षराय सूर्यवंशी उम्र 21 वर्ष, आशा ध्रुव पिता प्रभु ध्रुव उम्र 19 वर्ष, शुभम पटेल उर्फ शिवा पिता लक्ष्मी पटेल उम्र 34 वर्ष और एक नाबालिग बालक ने लाठी-डंडे व ईट से कर्मचारी से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारी किसी तरह उनसे छुटकर दुकान के अंदर गया। इस पर राधिका कहने लगी कि तुम आबकारी विभाग से कार्यवाही कराए हो इसलिए रूपए दो। रूपए देने से मना करने पर आरोपियों द्वारा दुकान में ईट व पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। इससे शराब की बोतलें टूट गई। सरकंडा पुलिस ने प्रार्थी कर्मचारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब दुकान के कर्मचारी मांगते हैं, रूपए: आरोपी महिला
आरोपी महिलाओं ने बताया कि चखना सेंटर चलाने के लिए शराब दुकान के कर्मचारी रूपए मांगते हैं। रकम बढ़ाने को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद शराब दुकान कर्मचारी ने आबकारी विभाग को बुलाकर अवैध चखना सेंटर पर कार्रवाई कराई थी।
