बीजापुर में आत्मसमर्पित नक्सली की मौत से हड़कंप : पुनर्वास केंद्र में की आत्महत्या, एक साल पहले छोड़ा था नक्सलवाद
बीजापुर के पुनर्वास केंद्र में रह रहे 26 वर्षीय आत्मसमर्पित नक्सली नरसू बोडू ने आत्महत्या कर ली। उसने फरवरी 2025 में सरेंडर किया था। पुलिस और FSL टीम मौत के कारणों की जांच कर रही है....


बीजापुर। नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में लौटे एक युवक की बीजापुर के पुनर्वास केंद्र में मौत हो गई। मृतक नरसू बोडू (26) आत्मसमर्पित नक्सली था और पिछले साल सरेंडर करने के बाद पुनर्वास केंद्र में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
मृतक नरसू बोडू गंगालूर थाना क्षेत्र के कामकानार का रहने वाला था। घटना की सूचना के बाद बीजापुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
27 फरवरी 2025 को छोड़ा था नक्सलवाद
मिली जानकारी के अनुसार नरसू बोडू ने 27 फरवरी 2025 को बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर नक्सलवाद छोड़ दिया था। सरेंडर के बाद उसे पुनर्वास केंद्र में रखा गया था, जहां वह रह रहा था। इसी बीच पुनर्वास केंद्र में उसकी आत्महत्या की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
नरसू ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस उसकी मौत से पहले की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अभी किसी निश्चित कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
FSL ने जुटाए साक्ष्य, मर्ग कायम
जांच के लिए पहुंची FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं बीजापुर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बीजापुर भेज दिया है।




