रामलीला में बड़ा हादसा : हनुमान बने कलाकारों की वेशभूषा में लगी आग, तीन झुलसे और दो की हालत गंभीर
धमतरी के नगरी ब्लॉक के ग्राम छिपली में दशहरा पर रामलीला मंचन के दौरान आग लगने से तीन लोग झुलस गए। दो गंभीर घायलों को धमतरी रेफर किया गया है। हादसे में चाइना लाइटर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है....


नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छिपली में दशहरा के दिन रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकारों की वेशभूषा में अचानक आग भड़क गई। आग की चपेट में आने से तीन लोग झुलस गए। मंच पर अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना 20 अक्टूबर की बताई जा रही है। दशहरा के अवसर पर गांव में स्थानीय कलाकारों की ओर से रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने के लिए आग का प्रयोग किया गया था। बताया जा रहा है कि इसके लिए मिट्टी तेल सहित ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। इसी दौरान आग अचानक अनियंत्रित हो गई और कलाकारों तक पहुंच गई।
नकली बाल और वेशभूषा ने पकड़ी आग
प्रत्यक्ष तौर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकारों के नकली बाल और वेशभूषा तक आग पहुंचने के बाद उसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। मंच पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीन लोग इसकी चपेट में आकर झुलस चुके थे। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
हेमंत ध्रुव और सोम की हालत गंभीर
हादसे में हेमंत ध्रुव और सोम नामक दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धमतरी के अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं तीसरे घायल तोषण साहू की हालत सामान्य बताई जा रही है। उसका उपचार घर पर ही किया जा रहा है।
चाइना लाइटर से आग भड़कने की आशंका
हादसे को लेकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि रामलीला मंचन में आग निकालने वाले चाइना लाइटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान निकली आग ज्वलनशील सामग्री और कलाकारों की वेशभूषा तक पहुंच गई होगी। हालांकि हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।




