बिलासपुर में शराब दुकान में बड़ी सेंधमारी : दीवार तोड़कर शराब की बोतलें और नकदी ले उड़े चोर
बिलासपुर के कोड़ापुरी में चोरों ने कंपोजिट शराब दुकान की पिछली दीवार तोड़कर शराब और 4,360 रुपए नकद समेत कुल 14,400 रुपए का माल पार कर दिया....


बिलासपुर। जिले में चोरी की घटनाओं के बीच सकरी थाना क्षेत्र से शराब दुकान में सेंधमारी का मामला सामने आया है। कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने दुकान की पिछली दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलों के साथ गल्ले में रखी नकदी भी चोरी कर ली।
चोरी की कुल कीमत 14,400 रुपए बताई गई है। घटना का पता दुकान के सुपरवाइजर को सुबह ड्यूटी पर पहुंचने के बाद चला। इसके बाद उन्होंने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह दुकान पहुंचने पर सामने आई वारदात
पुलिस के मुताबिक, दुकान के सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी (37), पिता ईश्वर लाल चतुर्वेदी, ग्राम दौना, थाना सरगांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरी हुई। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो पीछे की दीवार में सेंधमारी देखकर चोरी का पता चला।
कई ब्रांड की शराब और गल्ले की रकम गायब
चोर दुकान से अलग-अलग ब्रांड की शराब लेकर फरार हुए। चोरी किए गए सामान में प्लेन मदिरा की एक पेटी के 48 पाव, जिसकी कीमत 3,840 रुपए, 8 पीएम ब्लैक की चार बोतलें 3,200 रुपए, ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व 1,400 रुपए, मेड ऑफ प्रीमियम की एक बोतल 640 रुपए और व्हाइट एंड ब्लू की बोतलें 960 रुपए शामिल हैं। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे 4,360 रुपए नकद भी चोर ले गए। शराब और नकदी को मिलाकर चोरी की कुल रकम 14,400 रुपए बताई गई है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद सुपरवाइजर ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। सकरी पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्धों की तलाश और घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।




