कुबेरपुर मामले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के तेवर सख्त : पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी, बोलीं- सबूत के बिना न हो कार्रवाई
सूरजपुर के कुबेरपुर विवाद में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। मृतका के परिजनों से मिलकर निष्पक्ष जांच और बिना सबूत ग्रामीणों पर कार्रवाई न करने के निर्देश दिए.....


सूरजपुर। चांदनी बिहारपुर के कुबेरपुर गांव में सड़क हादसे के बाद हुई आगजनी और विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े गांव पहुंचीं और मृतका के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
हादसे के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल
मंत्री ने हादसे में महिला की मौत को लेकर जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक और कथित अवैध परिवहन के मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि घटना दोपहर में होने के बाद शाम तक प्रशासन और पुलिस की ओर से क्या कदम उठाए गए। मंत्री ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है। केवल बाद में हुए विवाद या आगजनी को आधार बनाकर ग्रामीणों पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।
ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मंत्री के सामने ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की और कुछ निर्दोष लोगों को भी मामलों में फंसाया गया। ग्रामीणों ने दावा किया कि पुलिस द्वारा कथित तौर पर जबरन केस बनाने और हिरासत में लोगों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने मंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
‘ठोस सबूत के बिना किसी को जेल न भेजें’
ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त प्रमाण के किसी ग्रामीण को जेल भेजने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। हिरासत में मारपीट के आरोपों को लेकर भी मंत्री ने पुलिस को सख्त हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों से कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने देने को कहा।
मृतका के परिवार को न्याय दिलाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि सड़क हादसे में महिला की मौत के मामले में उसके परिवार को न्याय मिलना जरूरी है। हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति और कथित अवैध परिवहन से जुड़े पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए। कुबेरपुर में हादसे के बाद हुए बवाल और पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच मंत्री के दौरे से मामला और चर्चा में आ गया है। अब पुलिस-प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।




