गुपचुप खाना पड़ा महंगा : एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, तीन बच्चों की हालत बिगड़ी, 6 साल का बच्चा NICU में भर्ती
बिलासपुर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के 7 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। तीन बच्चों की हालत खराब है, जबकि 6 साल का बच्चा NICU में भर्ती है....


बिलासपुर। बिलासपुर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के बाद सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत अपेक्षाकृत ज्यादा खराब बताई जा रही है। एक छह वर्षीय बच्चे को NICU में रखा गया है, हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
अष्टमी की रात ठेले पर खाया था गुपचुप
मामला सकरी थाना क्षेत्र के परसदा गांव का बताया जा रहा है। महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और बच्चों के साथ बिलासपुर घूमने आए थे। इसी दौरान अष्टमी की रात परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले से गुपचुप खाया। खाना खाने के बाद परिवार अपने घर लौट गया। अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शुरुआत में उल्टी की शिकायत हुई और कुछ ही समय में परिवार के सात लोग इसकी चपेट में आ गए।
तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब
तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार के सभी सात सदस्यों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें निगरानी में रखते हुए उपचार शुरू किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों में तीन बच्चे हैं। इनमें छह साल के एक बच्चे की स्थिति ज्यादा गंभीर होने के चलते उसे NICU में भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और मेडिकल टीम लगातार निगरानी कर रही है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत एक साथ बिगड़ने के बाद गुपचुप खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी मरीजों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।




