विजयादशमी पर बलौदाबाजार पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन : SP गौरव राय ने की मां दुर्गा की आराधना, हर्ष फायरिंग के साथ निभाई परंपरा
विजयादशमी पर रायपुर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन और हवन हुआ। कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला समेत पुलिस अधिकारियों व जवानों ने पूजा-अर्चना कर सुरक्षा का संकल्प लिया....


रायपुर। विजयादशमी के पर्व पर रायपुर पुलिस लाइन में बुधवार को धार्मिक आस्था और पुलिस परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। दशहरे के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर शस्त्रों का पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में विधिवत हवन भी कराया गया। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों के बीच शस्त्रों की पूजा कर पुलिस बल ने सुरक्षा और शांति की कामना की।
दशहरे पर निभाई जाती है शस्त्र पूजन की परंपरा
पुलिस विभाग में विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसी परंपरा के तहत हर साल दशहरे पर पुलिस लाइन में विभाग के शस्त्रों की पूजा की जाती है। पुलिस के लिए शस्त्र केवल सुरक्षा का साधन नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी का प्रतीक भी माने जाते हैं। पूजन के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण दोहराया। कार्यक्रम में शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की गई।
धार्मिक आस्था के साथ कर्तव्य का संकल्प
विजयादशमी को असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इसी संदेश के साथ पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन के दौरान जवानों ने जनसेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने का संकल्प लिया।




