साहू समाज की मांग पर बनी सहमति : नहीं बदलेगा तेलीबांधा चौक का नाम, नए स्थान पर बनेगा ‘ज्योति सेवा संकल्प चौक’
रायपुर में साहू समाज की आस्था और ऐतिहासिक पहचान से जुड़े तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा। मेक इन इंडिया चौक के पास ‘ज्योति सेवा संकल्प चौक’ बनाने की दिशा में पहल होगी....

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। तेलीबांधा चौक का नाम और पहचान यथावत रखने पर जोर दिया गया है। वहीं, ‘ज्योति सेवा संकल्प चौक’ के निर्माण के लिए मेक इन इंडिया चौक और तेलीबांधा थाना के सामने का स्थान प्रस्तावित किया गया है।
इसी मुद्दे को लेकर साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम कमिश्नर और महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर महत्वपूर्ण चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने तेलीबांधा चौक को साहू समाज की आस्था, गौरव और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा बताते हुए इसके मौजूदा स्वरूप और नाम को बनाए रखने की बात रखी।
समाज की भावनाओं और इतिहास का सम्मान
साहू समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि तेलीबांधा चौक महज शहर का एक प्रमुख चौराहा नहीं है, बल्कि समाज के लोगों की भावनाओं और लंबे सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे में इसका नाम यथावत रखा जाना समाज की भावनाओं और ऐतिहासिक पहचान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।बैठक में चर्चा के बाद मेक इन इंडिया चौक के पास, तेलीबांधा थाना के सामने ‘ज्योति सेवा संकल्प चौक’ विकसित करने की दिशा में पहल किए जाने की बात सामने आई है। इससे तेलीबांधा चौक की मौजूदा पहचान भी बनी रहेगी और प्रस्तावित सेवा संकल्प चौक के निर्माण का रास्ता भी साफ होगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने दी जानकारी
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित ‘ज्योति सेवा संकल्प चौक’ को सेवा, संस्कार और सामाजिक मूल्यों के प्रतीक के रूप में विकसित किया जा सकता है। वहीं, तेलीबांधा चौक का यथावत रहना समाज की आस्था, इतिहास और भावनाओं के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
चर्चा के दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, रायपुर शहर जिला साहू समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत साहू, पार्षद संतोष सीमा साहू और शहर जिला साहू समाज के महामंत्री कमल साहू सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

