सड़क के बीच बैठे मिले पशु तो भड़के डिप्टी CM विजय शर्मा : रात में काफिला रुकवाकर अधिकारियों को लगाई फटकार
कवर्धा-बेमेतरा हाईवे पर सड़क के बीच पशु बैठे मिलने पर डिप्टी CM विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी लेकर पशुओं को तत्काल हटाने के निर्देश दिए....

कवर्धा। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच बैठे पशुओं को देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। मंगलवार देर रात कवर्धा जाते समय बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से पूछा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तय व्यवस्था के अनुसार हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग हो रही है या नहीं। अधिकारियों ने पेट्रोलिंग वाहन द्वारा लगातार निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी।
मौके पर बुलाया पेट्रोलिंग वाहन
विजय शर्मा ने तत्काल पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया। उन्होंने टीम से अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रतिदिन होने वाले निरीक्षण और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों से भी पेट्रोलिंग की स्थिति की नियमित जानकारी ली जाए, ताकि सड़क पर पशुओं के विचरण की सूचना समय रहते मिल सके।
पशुओं को सड़क से तत्काल हटाने के निर्देश
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईवे पर बैठे या विचरण करते हुए पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पशुओं की मौजूदगी से सिर्फ गौवंश की जान को खतरा नहीं रहता, बल्कि वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।उन्होंने खास तौर पर रात के समय सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को गंभीर समस्या बताया। कम रोशनी और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क पर बैठे पशु समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
विजय शर्मा ने अधिकारियों को हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोलिंग दल लगातार मार्ग का निरीक्षण करे और सड़क पर पशु दिखाई देने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई तत्काल की जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

