रायपुर में आवारा सांड का आतंक; गोद में बच्चे को लेकर खड़े व्यक्ति पर अचानक झपटा सांड..CCTV वायरल!


रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) राजधानी में आवारा सांडों का आतंक एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। शहर के दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र का बताया जा रहा एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति गोद में बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई देता है। इसी दौरान एक काला सांड अचानक उसकी ओर दौड़ता हुआ आता है और उस पर हमला करने की कोशिश करता है। सांड को अपनी ओर आते देख व्यक्ति घबराकर इधर-उधर भागने लगता है। इस दौरान वह बच्चे को गोद में लिए हुए ही अपनी जान और मासूम की सुरक्षा बचाने की कोशिश करता नजर आता है। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद शहर में आवारा सांडों की समस्या और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए ऐसी स्थिति गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर नगर निगम और संबंधित जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। अब सवाल यह है कि आवारा मवेशियों की समस्या पर जिम्मेदार विभाग कब ठोस कार्रवाई करेगा? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी?

