सकरी में ताला तोड़कर 6 लाख के जेवर-नकदी पार; तीन आरोपी गिरफ्तार..बुलेट भी जब्त!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सागरदीप कॉलोनी उसलापुर में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का सकरी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का मशरूका और वारदात में इस्तेमाल बुलेट जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया वृंदावती मिश्रा तीजा पर्व के दौरान अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। इसी दौरान उनके घर के कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने का हार, झुमके, अंगूठियां, माथा टीका, चांदी की पायल, पायजेब, बिछिया और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने संदेह के आधार पर सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना, आशीष मिश्रा और अनुराग चौधरी उर्फ लालू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम पर करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट क्रमांक CG 10 AZ 5100 जब्त की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे सहित सकरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

