बिलासपुर में पड़ोसी ही निकली चोर; सूने मकान से 38 हजार की सोने की चेन पार..महिला गिरफ्तार!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम कॉलोनी में सूने मकान से सोने की चेन चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के आरोप में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली 29 वर्षीय कामनी बरानी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, मकान की मालकिन की मां अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले जेवर लॉकर में रखकर उसकी चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर गई थीं। 29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर बॉक्स खाली मिला। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पड़ोसन कामनी बरानी पर संदेह गहराया। पुलिस पूछताछ में उसके द्वारा चोरी करना स्वीकार किए जाने का दावा है। पुलिस के अनुसार, पड़ोस में रहने के कारण उसे घर के सूने रहने और चाबी छिपाने की जगह की जानकारी थी। मौका पाकर उसने घर में प्रवेश कर सोने की चेन चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

