सीपत में चीतल का शिकार कर मांस पकाने की तैयारी; वन विभाग ने दबिश देकर दो आरोपियों को दबोचा!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चीतल के मांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मंजूरपहरी के दहाइत पारा में मुखबिर की सूचना पर की गई। मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय और वनमंडलाधिकारी नीरज के निर्देश तथा उप वनमंडलाधिकारी टी.आर. मरई के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र बिलासपुर और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 6 अक्टूबर को आरोपियों के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वन्यप्राणी चीतल का मांस बरामद किया गया। मामले में चैनसिंह (40) और राजकुमार (40), दोनों निवासी दहाइत पारा, ग्राम मंजूर पहरी को गिरफ्तार किया गया। वन विभाग के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चीतल का अवैध शिकार करने की बात स्वीकार की। आरोपी बरामद मांस को पकाकर खाने की तैयारी में थे। वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 17769/11 दर्ज कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को आगे की न्यायालयीन कार्रवाई के लिए पेश किया जा रहा है।

