रायगढ़ में दुर्गा पंडाल बना मारपीट का अखाड़ा : दो लोगों को जमीन पर गिराकर पीटा, पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
रायगढ़ के चक्रधरनगर चौक स्थित दुर्गा पंडाल में मारपीट का वीडियो वायरल है। दो लोगों को पीटने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे.....


रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दुर्गा पंडाल के भीतर मारपीट का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। चक्रधरनगर चौक पर बीती रात हुई इस घटना के कथित वीडियो में कुछ युवक दो लोगों को जमीन पर गिराकर उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल फुटेज में करीब आधा दर्जन युवक दोनों लोगों को घेरकर लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। दोनों जमीन पर गिरे हुए नजर आते हैं, जबकि युवक लगातार उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम कुछ देर तक चलता रहा।
मौके पर पुलिस की मौजूदगी, फिर भी जारी रही मारपीट
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर उठ रहा है। जानकारी के मुताबिक, जिस दौरान पंडाल के भीतर मारपीट हो रही थी, उस समय पुलिसकर्मी वहां ड्यूटी पर मौजूद थे। इसके बावजूद मारपीट जारी रहने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं
फिलहाल मारपीट किन कारणों से शुरू हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान भी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, मारपीट में घायल हुए दोनों लोगों की स्थिति के संबंध में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।




