रायपुर में चोरों का आतंक : चौकीदार को बंधक बनाकर फैक्ट्री से 800 किलो कॉपर वायर पार
रायपुर के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर लिया। 10-12 लाख की चोरी के बाद CCTV और DVR भी ले गए, पुलिस व ACCU जांच में जुटी....


रायपुर। राजधानी में हाई अलर्ट के बीच हीरापुर इलाके में चोरी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कबीर नगर थाना क्षेत्र की अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में देर रात घुसे बदमाशों ने पहले सुरक्षा में तैनात चौकीदार को काबू में किया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद फैक्ट्री से करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर आरोपी फरार हो गए। चोरी गए माल की कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पहले चौकीदार को बनाया निशाना, फिर काटा कॉपर वायर
बताया जा रहा है कि रात के वक्त बदमाशों का गिरोह फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुआ। चौकीदार ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। उसे बांधकर मारपीट की गई, जिसके बाद बदमाशों ने बिना किसी रोक-टोक के फैक्ट्री के भीतर कॉपर वायर काटना शुरू कर दिया। कई घंटे तक बदमाश फैक्ट्री परिसर में रहे और बड़ी मात्रा में कॉपर वायर को एकत्र करने के बाद उसे लेकर मौके से निकल गए।
करीब साढ़े तीन घंटे तक फैक्ट्री में चला ऑपरेशन
चौकीदार के मुताबिक, बदमाशों ने करीब रात 1:30 बजे वारदात शुरू की थी। इसके बाद वे सुबह करीब 5 बजे तक फैक्ट्री में मौजूद रहे। इतने लंबे समय तक फैक्ट्री में रहने के बावजूद बदमाशों ने बड़ी मात्रा में कॉपर वायर काटकर बाहर निकाला।
CCTV और DVR भी साथ ले गए बदमाश
चोरी के बाद आरोपियों ने फैक्ट्री में लगे निगरानी कैमरों को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने CCTV कैमरों के साथ रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला DVR भी उखाड़ लिया। इससे साफ है कि बदमाश पुलिस की जांच से बचने के लिए फैक्ट्री में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी हटाकर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद कबीर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सुराग जुटाने के साथ वारदात के तरीके की भी पड़ताल शुरू कर दी है।
ACCU के साथ मिलकर जांच कर रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीर नगर थाना पुलिस के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम भी जांच में शामिल है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए संभावित सुरागों को खंगाल रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी भी जुटाई जा रही है।




