शस्त्र पूजा के बाद AK-47 से फायरिंग : वीडियो वायरल होते ही राजनांदगांव SP से PHQ ने मांगा जवाब
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा के बाद SP अंकिता शर्मा की AK-47 से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ। मामले में PHQ ने IG के जरिए स्पष्टीकरण मांगा है....


राजनांदगांव। विजयादशमी के दिन पुलिस लाइन में हुई शस्त्र पूजा के बाद AK-47 से की गई हर्ष फायरिंग अब विभागीय स्तर पर जांच के दायरे में आ गई है। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण तलब किया है। यह जवाब IG अजय यादव के माध्यम से मांगा गया है।
शस्त्र पूजा के बाद हुई थी फायरिंग
विजयादशमी की सुबह राजनांदगांव पुलिस लाइन में पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का नेतृत्व एसपी अंकिता शर्मा ने किया। पूजा संपन्न होने के बाद परंपरा के तहत हर्ष फायरिंग की गई। इसी दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से फायर किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो को लेकर लोगों ने हर्ष फायरिंग के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठाए।
वायरल वीडियो के बाद PHQ ने लिया संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने विभागीय स्तर पर भी तूल पकड़ लिया। पुलिस मुख्यालय की ओर से अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसपी अंकिता शर्मा से जवाब मांगा गया है। बताया गया है कि IG अजय यादव के माध्यम से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। विभाग की ओर से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई और इस दौरान सुरक्षा से जुड़े निर्धारित नियमों एवं प्रोटोकॉल का पालन किस तरह किया गया।
स्पष्टीकरण के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल मामले में एसपी अंकिता शर्मा की ओर से स्पष्टीकरण दिया जाना बाकी है। उनके जवाब के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हर्ष फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर क्या स्थिति थी और पुलिस मुख्यालय इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।




