अस्पताल में ताला, बाहर प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला : वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग का एक्शन, स्टाफ नर्स निलंबित
बलरामपुर के रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया को निलंबित कर दिया....


बलरामपुर। जिले के रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव पीड़ा से परेशान महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला उस समय सामने आया, जब रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा होने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला अस्पताल के बाहर परेशान होती रही। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे। खासकर प्रसव जैसी आपात स्थिति में स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने को लेकर मामला चर्चा में आ गया।
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और जांच शुरू की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संयुक्त संचालक ने कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसव पीड़ा जैसी स्थिति में महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत होती है, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र के बाहर महिला के परेशान होने का वीडियो सामने आने के बाद व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।




