मनेन्द्रगढ़ में बड़ा सड़क हादसा : यात्री बस पेड़ से टकराई, चालक की मौत और 15 से ज्यादा यात्री घायल
मनेन्द्रगढ़ के केल्हारी थाना क्षेत्र में यात्री बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक की मौत और 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की खबर है, 4 गंभीर....


मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले में एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। केल्हारी थाना क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौत की खबर है, जबकि 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। घायलों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में चालक की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि घायल यात्रियों में चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।




